परिक्रमा करने का सीजन

मनु पंवार

वह अपने इलाके के विकट परिक्रमावादी माने जाते हैं। उनके बारे में लोकोक्तियां प्रचलित हैं कि परिक्रमा करना तो उनका बाएं हाथ का खेल है। माना जाता है कि यह गुण उन्हें जन्म से ही इनबिल्ट था लेकिन जब से उन्होंने राजनीति में अपनी टांग फंसाई है तब से परिक्रमा करने के उनके हुनर में ज्यादा निखार आया है।
अक्सर जब-जब चुनाव की आहट सुनाई देने लगती है या चुनाव परिणाम घोषित हो जाते हैं, तब-तब उनका मन मयूर परिक्रमा नृत्य करने लगता है। इस तरह उनका आधा जीवन परिक्रमा करते ही कट गया। इसीलिए उनके चाहने वालों ने उनको परिक्रमाचार्य, परिक्रमा सम्राट जैसी उपाधियों से भी विभूषित किया। लेकिन गुरुदेव ने इन उपाधियों को विनम्रता से स्वीकार करते हुए इन्हें तमगे के तौर पर लिया। उनकी अपने इलाके में फुल चलती है। कोई उन्हें चैलेंज करे, इससे पहले ही वो परिक्रमा के हथियार से सामने वाले के वार को भोथरा कर डालते हैं।
 ऐसे समय में जबकि चुनावी बादल घुमड़ रहे हैं, वो कल मुझे राजधानी में आलाकमान की परिक्रमा करते बरामद हुए। मैंने पूछा- गुरुदेव, आखिर इस उमर में आपको आलाकमान की परिक्रमा का ख्याल कैसे आया? उन्होंने मुझे ऐसी हिकारत भरी नजर से देखा। ठीक वैसे ही, जैसे इन दिनों डॉलर रुपये को देख रहा है। बोले- देखिए राजनीति में परिक्रमा एक शाश्वत सत्य है। इसके लिए उमर की कोई सीमा नहीं है। परिक्रमा तो पृथ्वी भी करती है तभी तो उसे दिन और रात नसीब होता है वरना सूर्य की परिक्रमा न करे तो उसके भाग्य में रात ही लिखी होती। राजनीति में सूर्य तो आलाकमान ही है। इसलिए अगर अपनी राजनीति का सूर्य चमकाना है तो आलाकमान की परिक्रमा जरूरी है।
उन्होंने परिक्रमा की उपयोगिता पर अपना दर्शन सामने रखा। वास्तव में परिक्रमा का मूल उद्देश्य प्रगति है। इसके लिए प्रगतिशील गठबंधन की सरकार का होना कोई जरूरी नहीं है। आलाकमान चाहे दस जनपथ में हो या झंडेवालान या नागपुर में, उसकी परिक्रमा राजनीति में करियर की राह खोलती है तो दफ्तरों में बॉस की परिक्रमा तरक्की की राह दिखाती है।
लेकिन गुरुदेव, हमने तो सुना है कि कुछ परिक्रमायें ऐसी होती हैं जिनका न होना उनके होने से ज्यादा अहमयित रखता है। जैसे विश्व हिन्दू परिषद की चौरासी कोसी परिक्रमा। मैंने उत्सुकतावश पूछा। लेकिन गुरुदेव ने नो कमेंट्स कहकर पल्ला झाड़ लिया। सच है, राजनीति में कोई नियम स्थाई तो नहीं होता। परिक्रमा के लिए भी कोई नियम स्थाई नहीं है।


परिक्रमा करने का सीजन परिक्रमा करने का सीजन Reviewed by Manu Panwar on August 28, 2016 Rating: 5

No comments