रेप की सज़ा की होम डिलीवरी !
मनु पंवार
![]() |
कार्टून साभार: काजल कुमार |
50 साल के राम रहीम को 20 साल की जेल हुई। इसका मतलब यह है कि जब वो बाहर निकलेगा तो 70 बरस का हो जाएगा। यानी तब राम रहीम अपने
जैसे कुकर्मी बाबाओं के मार्गदर्शक मंडल के लिए क्वालिफाइड कर चुका होगा। वैसे तब तक तो अपना भारत 'न्यू इंडिया' भी बन चुका होगा। आजकल 'न्यू इंडिया' की ज़बर्दस्त तैयारियां चल रही हैं। मोदी जी ने तो साल 2022 का टारगेट दिया है। यह बात जुदा है कि उनका यह वाला कार्यकाल 2019 तक ही है। लेकिन कहने में क्या जाता है।
राम रहीम को अफसोस रहेगा कि वो 'पुराने इंडिया' में जेल गया और अब 'न्यू इंडिया' में बाहर आ पाएगा। 'न्यू इंडिया' को वह बनते हुए नहीं देख पाएगा। कर्मों का फल तो भुगतना ही पड़ेगा। वरना तो राम रहीम को ऐशो-आराम की ऐसी आदत पड़ गई थी कि रेप की सज़ा की भी होम डिलीवरी करा डाली। जज साहब को खुद जेल में जाकर बाबा को सज़ा सुनानी पड़ी। वो खुद कोर्ट नहीं गया। इसे कहते हैं शाही अंदाज़।
लेकिन ये साक्षी महाराज को क्या हो गया? राम रहीम को क्लीन चिट देने लगे। अरे नहीं.. नहीं...साक्षी महाराज को इत्ती जल्दी घबराना नहीं चाहिए। अभी 'आर' सीरीज के बाबाओं का नंबर चल रहा है। उनका 'एस' सीरीज़ आने में टाइम लगेगा। वैसे भी आजकल बाबाओं के दिन ठीक नहीं चल रहे हैं। मुझे लगता है कि शायद यही भांपकर राहुल 'बाबा' भी कुछ दिन विदेश को निकल लिए।
रेप की सज़ा की होम डिलीवरी !
Reviewed by Manu Panwar
on
September 08, 2017
Rating:

No comments