म्यूजियम के मंत्री सिद्धू खुद म्यूजियम लायक हो गए !

मनु पंवार

हमें अब लगता है कि पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के जिम्मे जो विभाग सौंपे, वो बड़े सोच-समझकर सौंपे। सिद्धू को कैप्टन ने स्थानीय निकाय के अलावा आर्काइव्ज़ और म्यूजियम डिपार्टमेंट भी दिया है। कैप्टन जानते हैं कि सिद्धू साहब पुरातात्विक महत्व की चीज हैं। ऐसी प्रजाति को संरक्षित किया जाना जरूरी है। इसीलिए उन्हें म्यूजियम भी दिया गया है। सिद्धू ने इसे साबित भी कर दिखाया है कि वाकई वह म्यूजियम में रखे जाने लायक बंदे हैं। कभी-कभी लगता है कि वह इकलौता पीस हैं। उनके बाद भगवान ने ऐसी प्रजाति का निर्माण बंद कर दिया। भगवान भी चौंके होंगे, अरे यार ! मज़ाक-मज़ाक में ये क्या पीस बन गया !!

अब देखिए न, ये क्या दिन आ गए ! कभी नवजोत सिद्धू पंजाब के डिप्टी सीएम की कुर्सी पर नज़र गढ़ाए हुए थे और कहां उनसे सोनी टीवी ने द कपिल शर्मा शो की कुर्सी भी छीन ली। दूसरों को ठोक्को ताली-ठोक्को ताली कहते-कहते सिद्धू साहब खुद ही ठुक गए। कॉमेडी से पैसा कमाने वाले सिद्धू के साथ खुद कॉमेडी हो गई। 

वैसे ये तो पंजाब के विधानसभा चुनाव में ही साबित हो गया था कि सिद्धू बसे बड़े कॉमेडियन हैं। 2017 में हुए पंजाब चुनाव में भगवंत मान से लेकर गुरप्रीत घुग्गी तक सारे के सारे कॉमेडियन पिट गए थे, लेकिन अमृतसर से नवजोत सिद्धू भारी वोटों से बाज़ी मार ले गए इससे एक बात तो साबित हो ही गई कि राजनीति में आज सिद्धू ही सबसे बड़े कॉमेडियन हैं चलो, ठोक्को ताली !
म्यूजियम के मंत्री सिद्धू खुद म्यूजियम लायक हो गए ! म्यूजियम के मंत्री सिद्धू खुद म्यूजियम लायक हो गए ! Reviewed by Manu Panwar on February 17, 2019 Rating: 5

No comments