सत्य हमेशा 'क्लीन सेव्ड' क्यों दिखता है?
मनु पंवार
एक समय की बात है. किसी राज्य में सत्य नाम का लड़का रहता था. सत्य अच्छा लड़का था. वह हमेशा नहाया-धोया और क्लीन सेव्ड दिखता था. वैसे क्लीन सेव्ड रहना अपनी पसंद से ज्यादा उसकी मजबूरी भी थी. वरना लोग शक करने लगते कि देखो-देखो सत्य अपनी दाढ़ी या मूंछों के नीचे कुछ छिपा रहा है. सत्य जमाने के सामने भीषण पारदर्शी दिखना चाहता था. इसीलिए वह ऐनक भी उसी तरह की लगाता था. वो ऐसी ऐनक थी जिसमें पता ही नहीं चलता था कि बंदे ने पहनी है कि नहीं पहनी है. ऐनक में सत्य बहुत क्यूट लगता था.
उस राज्य में सत्य की क्यूटनेस पर बहुत लोग फिदा थे.सत्य को भी इसका अच्छी तरह से इल्म था. इसलिए वह ऐसी बातें या ऐसा काम नहीं करता था जोकि उसकी क्यूटनेस के खिलाफ चली जाएं. सत्य को राजनीति में बहुत दिलचस्पी थी. बस यहीं पर सत्य के अच्छा लड़का होने पर शक होने लगता. यह सर्वविदित है कि राजनीति में सत्य की कोई जरूरत नहीं होती है, फिर भी सत्य राजनीति में था और कई बरस तक सत्ता का आनन्द उठाता रहा. सत्य के लिए सत्ता कब अंतिम सत्य बन गया, इसका पता ही नहीं चला. वैसे सत्य अच्छा लड़का था.
![]() |
कार्टूनिस्ट सतीश आचार्य का कार्टून उनके टि्वटर हैंडल से साभार |
फिर एक दिन पता चला कि सत्य परेशान है. क्यों परेशान है? अच्छा लड़का होने, साफ-सुथरा और क्लीन सेव्ड होने के बावजूद वह क्यों परेशान है? उसकी सफेदी की चमकार के चर्चे तो दूर-दूर तक थे. फिर भी वह परेशान क्यों है, इसका कभी खुलासा नहीं हो पाया. हो सकता है कि राजनीति में तमाम असत्यों की संगत में रहने की वजह सत्य परेशान हो उठा हो.
महापुरुषों ने कहा है कि जब-जब सत्य परेशान होता है तो ऐसी सिचुएशन में उसकी हिमालय यात्रा का योग बनता है. लेकिन यह वाला सत्य भला कैसे जाता? उस राज्य में तब लॉ़कडाउन चल रहा था. यात्राओं पर प्रतिबंध लगाया गया था. इस वजह से सत्य का हिमालय गमन भी नहीं हो सका.
एक दिन सत्य ने खम ठोककर कह दिया कि वह पराजित नहीं हो सकता. सही कहा. सत्य को पराजित नहीं होना चाहिए. हमारे जीवन का मूल मंत्र भी है-सत्यमेव जयते. मल्लब अंत में सत्य की ही जीत होती है. लेकिन वो अंत आते-आते तो सत्य किसी काम का नहीं रह जाएगा. बूढ़ा हो जाएगा. फिर तो उसकी जगह मार्गदर्शक मंडल में ही बनती है. कहीं सत्य इसीलिए तो परेशान नहीं था?
सत्य हमेशा 'क्लीन सेव्ड' क्यों दिखता है?
Reviewed by Manu Panwar
on
July 16, 2020
Rating:

No comments